रुद्रपुर के गांधी कॉलोनी की पूर्व महिला सभासद से शनिवार को हुई लाखों की ठगी के मामले में रविवार को भी पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही।
पूर्व सभासद संतोष गर्ग शनिवार शाम सब्जी मार्केट से घर जा रही थी कि सिंचाई विभाग के गेट के पास दो युवकों ने आठ लाख रुपये में उनके पहने हुए जेवर खरीदने की बात कही। इसके बाद दोनों ने संतोष को एक नीली थैली दी और जेवर लेकर चले गए। कुछ देर बाद संतोष ने थैली खोलकर देखी तो उसमें सबसे ऊपर एक नोट रखा था और उसके नीचे कागजों की गड्डी थी। सूचना पर रंपुरा और बाजार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। बाजार चौकी पुलिस की मानें तो घटना सिंचाई विभाग के गेट के पास हुई, जो रंपुुरा चौकी क्षेत्र में है। वहीं रंपुरा चौकी पुलिस के अनुसार घटनास्थल सिब्बल सिनेमा रोड के पास है जो बाजार चौकी में आता है। फिलहाल पुलिस सीमा विवाद को लेकर अब तक मामले की जांच शुरू नहीं कर पाई है।