रुद्रपुर में मंदिर जा रहे एक पुजारी की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक महतोष मोड़, संजय नगर गांव निवासी मनमत हलदार (65) भाखड़ा पुल स्थित शिव मंदिर में पुजारी थे। सोमवार सुबह वह पैदल मंदिर की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में पुजारी बुरी तरह घायल हो गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना 108 एंबुलेंस वाहन को दी। अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आरोपी चालक का पता नहीं चल सका है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मृतक अपने पीछे पत्नी रंजीता हलदार के अलावा तीन बेटे और दो बेटियों को छोड़ गया है।