रुद्रपुर। सप्ताह भर पूर्व शांतिपुरी के कोटखर्रा में दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद के बाद हुई फायरिंग के मामले में एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो घटना में शामिल एक पक्ष का बताया जा रहा है। एसएसपी ने मामले की जांच पंतनगर थानाध्यक्ष को सौंपी है।
दरअसल एक सप्ताह पहले कोटखर्रा में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच फायरिंग हो गई थी। मामले में एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष के सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस बीच घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग गालीगलौच करते दिख रहे हैं। एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है लेकिन अभी इसकी प्रमाणिकता नहीं है। देखने में वीडियो जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पूर्व में हुए विवाद का मुकदमा दर्ज है। अगर जांच में इसके विवाद से जुड़े होने की पुष्टि होने पर इसे विवेचना में शामिल किया जाएगा। जमीनी विवाद को लेकर एक रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।