रुद्रप्रयाग। विकास भवन सभागार में वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत जिला सेक्टर, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित एवं बाह्य सहायतित योजनाओं के साथ बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक हुई। बैठक मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने विभागवार योजनाओं की प्रगति, किए गए व्यय, शेष बजट तथा आगामी कार्यों की स्थिति के की जानकारी ली। इस दौरान सीडीओ ने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में वित्तीय प्रगति तथा बजट के अनुरूप व्यय की गति बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि शेष धनराशि का योजनाबद्ध और प्रभावी उपयोग कर विकास कार्यों को समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने बीजक शीघ्र तैयार कर कोषागार में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने विभागों के बीच समन्वय सुदृढ़ करने और क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का समाधान करने की बात कही। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संदीप भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेंद्र बिष्ट आदि उपस्थित रहे।