पर्यटन विभाग के सहयोग से सारी-देवरियाताल ट्रेकिंग रूट पर चलाया गया सफाई अभियान।
- फोटो : RUDRAPRYAG
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत पर्यटन ग्राम सारी से देवरियाताल तक सफाई अभियान चलाया गया। जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल के नेतृत्व में महिला व युवक मंगल दल, स्वयं सेवक और होम स्टे संचालक व प्रशिक्षित गाइड ने ट्रेकिंग रूट की साफ-सफाई की। कचरे को एकत्रित गांव में लाया गया, जहां से उसे प्लांट भेजा जाएगा। जिला पर्यटन अधिकारी नौटियाल ने बताया कि सारी को ट्रेकिंग ट्रेक्शन योजना में शामिल किया गया है। ग्राम प्रधान मनोरमा देवी ने पर्यटन विभाग की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे उनके गांव को नई पहचान मिलेगी। कार्यक्रम में स्थानीय निवासी व प्रसिद्ध जागर गायिका रामेश्वरी भट्ट ने गीतों के जरिए स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर योगेंद्र सिंह नेगी, धर्मेंद्र भट्ट, मंजू देवी, जसवीर सिंह, अमन नेगी, उपेंद्र, दीवान, जयदीप, विजय, रनदीप, रजनी, प्रकाश सिंह आदि मौजूद थे।