बांगर व पूर्वी बांगर क्षेत्र को मोटरमार्ग से जोड़ने के लिए स्वीकृत बधाणी-छेनागाड़ मार्ग की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता चिरंजीव प्रसाद सेमवाल का आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। मौके पर महिला व युवक मंगल दलों ने अनशन स्थल पर धरना देते हुए शासन, प्रशासन व विभागों के खिलाफ नारेबाजी की। बांगर विकास समिति के बैनर तले ग्रामीण व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि तीन दिन से आंदोलनरत हैं। वहीं, केवा गदेर के पणसिल नामी तोक में आमरण अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता चिरंजीव प्रसाद सेमवाल ने कहा कि शासन, प्रशासन को कई बार अवगत कराने पर भी मार्ग का निर्माण नहीं किया जा रहा है जबकि पूर्व में मार्ग का सर्वेक्षण भी हो चुका है। समिति के अध्यक्ष एसएस मेंगवाल ने कहा कि अब क्षेत्र की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जब तक मार्ग निर्माण के लिए ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रदीप रौथाण, ग्राम प्रधान इंद्र लाल, शरवीर सिंह मेंगवाल, संजय सेमवाल, बीरल सिंह, शशि देवी, राजेंद्र सिंह, रमेश सिंह, भूपेंद्र उनियाल, मुकुंद लाल आदि मौजूद थे।