रुद्रपुर। सार्वजनिक स्थान पर मास्क नहीं पहनने और बिना परमिशन के सड़कों पर चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान मास्क नहीं पहनने पर तीन युवकों समेत 35 चालान किए गए। बीते दिनों डीएम डॉ. नीरज खैरवाल ने सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क के घूमने वालों के खिलाफ 500 रुपये जुर्माना राशि तय की थी। उन्होंने एसएसपी बरिंदरजीत सिंह को निर्देश दिए थे कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर जुर्माना वसूला जाए। जिससे बेवजह घरों से निकलने वाले लोगों पर अंकुश लग सके। एसएसपी ने जिले के सभी थाना, कोतवाली प्रभारियों को कार्रवाई करने के आदेश कुछ दिन पहले जारी कर दिए थे। सोमवार को कोतवाली पुलिस ने काशीपुर बाईपास रोड पर गुरूनानक स्कूल के पास बंपर चालानी कार्रवाई की। एसएसआई बीसी जोशी ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क के जा रहे तीन युवकों का चालान कर 1500 रुपये जुर्माना वसूला। साथ ही 32 लोगों को बिना पास वाहन चलाने पर चालान किया गया। उन्होंने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।