रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के बच्छणस्यूं-धनपुर क्षेत्र में 3.40 करोड़ रुपये की लागत से चार मोटर मार्गों का डामरीकरण होगा। शनिवार को विधायक भरत सिंह चौधरी ने रैंतोली-जसोली, कांडई-बैरांगणा, स्यूंणी-टैठी-पाटा और खेड़ाखाल-नवासू मोटर मार्गों के डामरीकरण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को मानकों के तहत समयबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए। 22 किमी लंबे इन मार्गों के डामरीकरण से क्षेत्रीय जनता की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। विधायक चौधरी ने सड़कों पर बरसाती पानी की निकासी दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि अलकनंदा नदी से खेड़खाल-नवासू लिफ्ट पंपिंग पेयजल योजना का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जिससे कई गांवों को लाभ मिलेगा। साथ ही, क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों को जलागम प्रबंधन परियोजना फेज-3 से जोड़ा गया है, जिसकी यूनिट खांकरा में खुलेगी। फतेहपुर में विद्युत सब स्टेशन का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि नेगी, सुरेंद्र रावत, सैन सिंह बिष्ट, सुरेंद्र जोशी, बीबी ममगाईं, राहुल मेवाल, राकेश चंद्र, विनोद कठैत, सुरेश पटवाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।