रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए उत्तराखंड शासन से 7.10 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति मिली है।
चारधाम यात्रा के मुख्य पड़ाव रुद्रप्रयाग में दिनोंदिन जाम की समस्या पैदा हो रही है। यहां हाईवे से लेकर नया बस अड्डा मार्ग, बेलणी पुल और चोपता मार्ग पर पार्किंग के अभाव में आड़े तिरछे वाहन खड़े रहते हैं जिससे जाम लगता है। इस समस्या से निजात के लिए विधायक भरत सिंह चौधरी की पहल पर कुछ समय पूर्व सिंचाई विभाग ने यहां मल्टीलेवल पार्किंग का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। विधायक ने देहरादून पहुंचकर शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल से भेंट की। इसी दौरान शासन से रुद्रप्रयाग में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण के लिए सैद्धांतिक व वित्तीय स्वीकृति मिली गई। पार्किंग निर्माण के लिए 7.10 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए और पहली किश्त के रूप में 2.80 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए गए। इधर, विधायक भरत सिंह चौधरी ने सीएम पुष्कर सिंह धामी और शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का आभार जताया।