विकासखंड के ग्राम पंचायत चिरबटिया में स्वास्थ्य विभाग की ओर से पीसीपीएनडीटी एवं तंबाकू नियंत्रण पर लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। देवभूमि कला सांस्कृतिक कला मंच के कलाकारों द्वारा नाटक के माध्यम से तंबाकू का सेवन व उससे होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। इसके उपरांत आयोजित संगोष्ठी में पीसीपीएनडीटी ( पूर्व गर्भाधान एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीकी) अधिनियम के बारे में चर्चा की गई। कहा कि शिशु के जन्म से पूर्व किसी भी प्रकार से भ्रूण लिंग की जांच कर उसका परिणाम बताना गैरकानूनी है। संगोष्ठी में तंबाकू नियंत्रण के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्था बालाजी सेवा संस्थान की प्रतिनिधि ममता थापा ने बताया कि तंबाकू सेवन से मृत्यु दर अन्य बीमारियों से अधिक है। दुनिया में प्रतिवर्ष 15 लाख लोगों की मौत तंबाकू के कारण होती है। विपिन सेमवाल के संचालन में हुए कार्यक्रम में सीईओ सीएन काला, सीपीडीओ हिमांशु बडोला, डीपीआरओ बीपीएस रावत समेत ग्राम प्रधान व अन्य ग्रामीण मौजूद थे। संवाद