रुद्रप्रयाग। 22 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जिले में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 65,695 बच्चों व किशोरों को कृमिनाशक दवा एलबेंडाजॉल खिलाई जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार ने अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों को बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास, पेयजल, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि जिले में जहां-जहां निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहां भी मजदूरों के बच्चों को प्राथमिकता से दवा खिलाई जाए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों से लेकर स्कूलों में समय पर दवा पहुंचाने की बात भी कही। मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. हरीश चंद्र सिंह मर्तोलिया ने कहा कि पेट के कीड़े बच्चों के शरीर में महत्वपूर्ण पोषक तत्वों को खा लेते हैं, जिससे बच्चों के शरीर में खून की कमी, कुपोषण और शारीरिक विकास में रुकावट आ जाती है। बैठक में एसीएमओ डाॅ. विमल गुसाईं, डीपीओ अखिलेश मिश्रा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. आशुतोष और कार्यक्रम समन्वयक विपिन सेमवाल आदि मौजूद थे।