रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के कर्मचारियों के नियमितीकरण और सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए एकमुश्त समाधान नीति लागू करने की मांग मंदिर समिति के सदस्य ने की है। समिति के सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती ने धर्मस्व एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज को पत्र भेजकर मुख्यमंत्री की ओर से कर्मचारियों के विनियमितीकरण की गई घोषणा पर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। पत्र में कहा गया है कि समिति के कई कर्मचारी 10 से 15 वर्ष या उससे अधिक समय से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी सेवा सुरक्षा और भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। उन्होंने ने पात्र कर्मचारियों की सेवावधि और नियुक्ति की स्थिति के आधार पर परीक्षण कर नियमितीकरण, वेतनमान और अन्य सेवा लाभों के लिए स्पष्ट नीति बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुपालन में शासन और मंदिर समिति को ठोस कदम उठाने चाहिए। इसके लिए एकमुश्त समाधान नीति तैयार कर लंबित सेवा संबंधी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, ताकि लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को राहत मिल सके।