अगस्त्यमुनि। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा सेवानिवृत्त शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के साथ प्राथमिक व जूनियर हाईस्कूल के 53 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। यहां आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि विधायक मनोज रावत व नगर पंचायत अध्यक्ष अरुणा बेंजवाल ने कहा कि इस तरह के आयोजन अन्य छात्रों को प्रेरित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। कहा, जनपद में प्राथमिक व जूनियर स्कूलों के प्रतिभावान बच्चे मान बढ़ा रहे हैं। विधायक रावत ने समारोह के आयोजन के लिए विधायक निधि से प्रतिवर्ष 25 हजार रुपये देने की बात भी कही। साथ ही प्राथमिक शिक्षा की खस्ताहाल को सुधारने के लिए हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों को प्रतियोगी परीक्षा में सफल बनाने के लिए प्रतियोगिता पुस्तकें व पत्रिकाएं उपलब्ध कराने की बात भी कही। नगर पंचायत अध्यक्ष अरुणा बेंजवाल ने कहा कि इस सम्मान समारोह से सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों व शिक्षकों का मान बढ़ा है। समारोह में जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाने वाले 29, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के लिए सफल हुए 21, राज्य स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले 2 और सैनिक स्कूल के लिए चयनित हुए 1 छात्र को प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। मौके पर संघ के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह झिंक्वाण, प्रेम सिंह गुसांई, मगनानंद भट्ट, बीरेंद्र कठैत, जय सिंह शाह, विजय सिंह शाह, वंशीधर गौड़, सुरेंद्र सिंह गुसांई, मोहन काला व दिनेश भट्ट मौजूद थे।