गदरपुर। उत्तराखंड पैरावेटनरी एसोसिएशन की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों के निराकरण को लेकर सोमवार को कंबोज धर्मशाला में बैठक हुई। इसमें पैरावेटों को तेलंगाना की तर्ज पर प्रत्येक माह मानदेय देने, उड़ीसा की तर्ज पर पशुधन सहायक के पदों पर समायोजित करने, पैरावेटरों को पशुपालन विभाग की भर्तियों में अग्रिम अंक देने की मांग संबंधी प्रस्ताव पारित किए गए। एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव सुधेश चौहान ने कहा कि उत्तराखंड राज्य बनने के बाद से प्रदेश में करीब 800 पैरावेटर कार्यरत हैं, जो विषम परिस्थितियों में भी अतिदुर्गम क्षेत्रों में 24 घंटे सेवा दे रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार को मांगों से अवगत कराने के और चार फरवरी से देहरादून में होने वाले अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। वहां प्रदेश कोषाध्यक्ष कुलदीप रस्तोगी, प्रदेश उपाध्यक्ष बीसी पाठक, कैलाश चंद बेलवाल, तरुण सिंघल, गंगासागर, अरविंद कुमार, पीयूष कुमार, भूपेंद्र सिंह, पंकज चौहान, मंगत कंबोज, प्रताप सिंह, रवि कुमार, पंकज यादव आदि थे।