रुद्रप्रयाग/अगस्त्यमुनि। अपर बाजार रुद्रप्रयाग व अगस्त्यमुनि में आयोजित रामलीला श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ संपन्न हो गई। इस दौरान श्रीराम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान की भव्य झांकी भी निकाली गई। रुद्रप्रयाग अपर बाजार वार्ड में आयोजित रामलीला के 11वें दिन श्रीराम का राजतिलक किया गया। इससे पूर्व संगम से राम, लक्ष्मण, सीता व हनुमान की झांकी निकाली गई। वहीं मंगलवार रात को रामलीला मंचन में राम व लक्ष्मण की ओर से मेघनाथ, कुंभकरण, अहिरावण व लंकापति रावण का वध किया गया। इसके बाद हनुमान लंका से माता सीता को लेकर प्रभु श्रीराम के पास पहुंचते हैं। जहां सीता अग्नि परीक्षा देकर प्रकट होती हैं। दूसरी तरफ अगस्त्यमुनि में भी श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ रामलीला संपन्न हो गई। इस मौके पर महावीर भट्ट, दीपांशु भट्ट, अशोक चौधरी, आचार्य दीपक नौटियाल और विवेक खन्ना समेत भारी संख्या में लोग मौजूद थे।