रुद्रप्रयाग। लोकसभा चुनाव को लेकर आगामी 9 अप्रैल शाम 6 बजे से मतदान दिवस की शाम 6 बजे तक जनपद में ड्राई डे घोषित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि जनपद में संचालित सभी शराब की दुकानों, होटल, भोजनालय सहित दुकानों व अन्य किसी भी सार्वजनिक व निजी स्थान पर सभी प्रकार की मादक पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण रोक रहेगी। उन्होंने बताया कि रुद्रप्रयाग, ऊखीमठ, जखोली व बसुकेदार तहसील में सभी शराब व बीयर की थोक/फुटकर दुकानों सहित सैन्य कैंटीन व एफएल 2/2 बी शाम 6 बजे से 11 अप्रैल मतदान दिवस पर शाम 6 बजे तक बंद रहेंगी। आगामी 23 मई मतगणना दिवस पर भी यह व्यवस्था लागू रहेगी। बताया कि सभी अनुज्ञापियों को इस संबंध में विभागीय स्तर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अगर, कोई दुकान खुली मिली तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।