रुद्रप्रयाग। उक्रांद के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पंकज व्यास ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते हुए गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी बनाने की पुरजोर पैरवी की। उन्होंने आगामी निकाय चुनाव को लेकर भी पार्टीजनों के साथ चर्चा की। यहां मंदिर समिति में हुई पार्टी की बैठक में व्यास ने कहा कि बिना गैरसैंण के उत्तराखंड शून्य मात्र होकर रह गया है। गांवों से हो रहे पलायन के चलते सन्नाटा पसरा हुआ है। भाजपा और कांग्रेस बारी-बारी से सत्ता का सुख भोगकर आम जनता को सिर्फ हवाई सपने दिखा रही है। कहा, कि गैरसैंण राजधानी के लिए वे हरसंभव आंदोलन के लिए तैयार हैं। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी निकाय चुनाव तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। कहा कि प्रदेश में सभी पालिका व नगर पंचायतों में पार्टी अपने प्रत्याशी उतारेगी। इस मौके पर केंद्रीय मीडिया प्रभारी देवेंद्र चमोली, जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद नौटियाल, बालेश्वर डंगवाल, जितार सिंह जगवाण, सुभाष मोगा, चंद्रमोहन गुसाईं आदि ने विचार व्यक्त किए।