गुप्तकाशी। भारतीय स्टेट बैंक की गुप्तकाशी स्थित शाखा में तीन दिनों से कनेक्टिविटी ठप पड़ी है। इससे बैंक की सभी शाखाओं के उपभोक्ता परेशान हैं।
विगत बुधवार से गुप्तकाशी स्थित स्टेट बैंक की शाखा में सर्वर डाउन होने से बैंक में धन निकासी और जमा के अलावा अन्य ऑनलाइन कार्य भी नहीं हो रहे हैं। एटीएम लंबे समय से कैशलेश हैं। इस समस्या के चलते केदारघाटी और कालीमठ घाटी के बैंक से जुड़े उपभोक्ता बैरंग लौट रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी पेंशन भोगियों और दूरस्थ गांवों से पहुंच रहे लोगों को हो रही है। न्याय पंचायत ल्वारा के सल्या-तुलंगा गांव के जबर सिंह, भुवन सती, राजेंद्र सिंह का कहना है कि वे बीते तीन दिन से बैंक के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन पैसे नहीं मिले हैं। इधर, शाखा प्रबंधक आरके सिंह का कहना है कि कनेक्टिविटी नहीं होने से बैंकिंग कार्य प्रभावित हो रहे हैं। समस्या को लेकर क्षेत्रीय कार्यालय प्रबंधक को अवगत करा दिया गया है। उम्मीद है कि शनिवार तक समस्या दूर हो जाएगी। ब्यूरो