ऊखीमठ। मिनी बैंक दैड़ा-मस्तूरा में हुए लाखों रुपये के गबन की मांग को लेकर तुंगनाथ घाटी के ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया।
सोमवार को करोखी, रौडू, सारी, दिलमी, उषाड़ा, कांडा, दैड़ा, बरंगाली, कर्णधार आदि गांवों के ग्रामीण प्रात: 11 बजे भारत सेवाश्रम आश्रम में एकत्रित हुए। यहां से जुलूस की शक्ल में मस्तोली होते हुए तहसील पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस मौके पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि मिनी बैंक के कर्मियों द्वारा किए गए लाखों रुपये के गबन की वसूली काश्तकारों से की जा रही है, जो अनुचित है। उन्होंने मामले में त्वरित जांच कर दोषियों को सजा दिलाने की मांग की। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष रीता पुष्पवाण ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन व धरने में जिला पंचायत सदस्य मीना पुंडीर, क्षेत्र पंचायत सदस्य नंदन सिंह रावत, नरेंद्र सिंह नेगी, प्रधान घनश्याम लाल, बसंत लाल, विक्रम सिंह नेगी, कुंवर सिंह, वंशीधर नौटियाल, अमर सिंह, रोशनी नौटियाल, दिनेश लाल आदि मौजूद थे।