रुद्रप्रयाग। ग्राम पंचायतों में आरसेटी रुद्रप्रयाग की ओर से आयोजित छह दिवसीय बैंक बीसी सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों की 29 महिलाओं ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग एंड फाइनेंस (आईआईबीएफ) की ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण की। अब ग्रामीण स्तर पर चयनित बीसी सखी ग्रामीण लोगों को बैंक से जुड़ी आवश्यक सेवाएं उनके घर पर ही उपलब्ध कराएंगी। इसके साथ ही वे ग्रामीणों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और सुरक्षित बैंकिंग के प्रति भी जागरूक करेंगी। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अनूप सिंह ने कहा कि बीसी सखी ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। आरसेटी के पूर्व निदेशक किशन सिंह रावत तथा निदेशक अरुण कुमार, समन्वयक वीरेंद्र वर्तवाल, नंद किशोर थपलियाल, भूपेंद्र सिंह, प्रवीन सिंह, संदीप पांडेय, संगीता देवी, नीलम देवी आदि मौजूद रहे। संवाद