यूपी बॉर्डर पर पकड़े गए श्रमिक।
- फोटो : AMAR UJALA
रुद्रपुर। राज्य में चोरी-छुपे आ रहे 23 श्रमिकों को पुलिस ने बॉर्डर पर पकड़ लिया। पूछताछ में श्रमिकों ने बताया कि सभी जिले में रोजगार के लिए आ रहे थे। वाहन नहीं मिलने पर उन्हें जंगलों के रास्ते आना पड़ा। श्रमिकों को वापस भेजने की तैयारी की जा रही है। मंगलवार को कोतवाल केसी भट्ट टीम के साथ यूपी के लंबाबगड़ बॉर्डर पर रूटीन चेकिंग के लिए गए थे। इस दौरान उन्होंने हेमकुंड सीड प्लांट के पास चोरी-छुपे आ रहे 23 श्रमिकों को रोका। श्रमिकों ने अपना निवास बरेली शीशगढ़ उत्तर प्रदेश बताया। उनका कहना था कि वह पूर्व में उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों में मजदूरी करते थे, लेकिन लॉकडाउन से पहले सभी वापस घर चले गए थे। उत्तराखंड से उनके पास गेहूं कटाई समेत कई काम के लिए लोगों के कॉल आ रहे थे। पुलिस से बचने के लिए वह चोरी-छुपे राज्य में आ रहे थे। कोतवाल ने बताया सभी को वापस यूपी भेजने की तैयारी की जा रही है।