रुद्रप्रयाग। जिले में विभिन्न क्षेत्रों में छोटे बच्चों द्वारा मनाए जा रहे फूलदेई महोत्सव के अंतिम दिन सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। आठ दिनों तक चले आ रहे फूलदेई महोत्सव व घोघा माता पूजा का विधिवत समापन हो गया। बीते 15 मार्च से शुरू हुए फूलदेई महोत्सव के तहत शुक्रवार को बच्चों ने सुबह घोघा माता की डोली के साथ आसपास के गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने घोघा माता की डोली के साथ मंदिरों व घरों की देहरियों में फूल डालकर बसंती गीत लगाए। बच्चों ने फ्यूंली, बुरांस, गुलाब, पंय्या समेत विभिन्न प्रजाति के फूलों को रिंगाल की टोकरी में एकत्रित किए गए फूलों को देहरियों में डाला। इसके पश्चात गांव में ही एक सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें फुलारी बच्चों व अन्य ग्रामीणों के लिए विभिन्न पकवान बनाए गए।