रुद्रप्रयाग। ऑल वेदर रोड परियोजना के मलबे से गुलाबराय खेल मैदान को संरक्षित करने का कार्य शुरू हो गया है। मलबे से भूधंसाव जोन सहित गड्डों को भरा जा रहा है। बीते दो दिनों से डंपरों से गौरीकुंड हाईवे के बाईपास के चौड़ीकरण से निकले मलबे को मैदान में लाया जा रहा है। डीईओ माध्यमिक एलएस दानू ने बताया कि बरसात से मैदान का एक बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो गया था, जिसकी प्राथमिकता से मरम्मत की जा रही है। मलबे से भू-धंसाव जोन में भराव के साथ ही मैदान के अन्य हिस्सों में गड्डों को भरा जाएगा। जून दूसरे सप्ताह में भारी बरसात से गुलाबराय मैदान का एक हिस्सा भू-कटाव से ध्वस्त हो गया था। इसके बाद डीएम ने मैदान के संरक्षण के लिए ऑल वेदर रोड के मलबे का प्रयोग करने को कहा था। इधर, स्थानीय निवासी शैलेंद्र गोस्वामी, अशोक चौधरी, हरि सिह पंवार, भुपेंद्र, बृजेश आदि लोगों ने मैदान के संरक्षण की कार्रवाई शुरू होने पर खुशी जताई है।