रुद्रप्रयाग। नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देवेंद्र सिंह झिक्वांण ने भाजपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। कहा, कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत योजनाओं को पार्टी अपनी उपलब्धि बताकर आमजन के साथ छलावा कर रही है। झिक्वांण ने कहा कि पालिकाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी थी, लेकिन भाजपा अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में विकास को लेकर ठोस पहल नहीं कर पाई है। बल्कि उनके कराए कार्यों पर सौंदर्यीकरण के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। कहा कि ऑल वेदर रोड से प्रभावित होने वाले व्यापारियों के पुनर्वास को लेकर भाजपा जो दावे कर रहे हैं, वह निराधार हैं।