जखोली। बांगर पट्टी के पुजार गांव में स्थित पौराणिक बासुदेव मंदिर में दो दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन मेला 18 नवंबर से शुरू होगा। मेला तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में मंदिर समिति के अध्यक्ष महावीर पंवार की अध्यक्षता में निर्णय लिया गया कि मेला 18 व 19 नवंबर को दशमी-एकादशी को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान स्कूली बच्चों और महिला मंगल दल के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पंवार ने बताया कि दशमी को भगवान बासुदेव की पूजा अर्चना कर भतूज मेले के तहत भगवान को नए चावलों का भोग लगाया जाएगा। साथ ही मेले में लोक गायक वीरेंद्र राजपूत, विक्रम कप्रवाण, लोक गायिका मंजू सुंदरियाल, हरीश रावत आदि कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएगी। बैठक में बासुदेव मंदिर का जीर्णोद्धार व जमीन संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस मौके पर संरक्षक कुलेंद्र राणा, गंगाराम भट्ट, दोलतराम भट्ट, संपूर्णानंद सेमवाल, केदार सिंह मेंगवाल समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे।