ऊखीमठ। श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के नव नियुक्त अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल ने कहा कि अधीनस्थ मंदिरों में मूलभूत सुविधाओं को सुधारा जाएगा।
रविवार को बीकेटीसी अध्यक्ष ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचे। समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि ओंकारेश्वर मंदिर के कोठा भवन निर्माण के पुनर्निर्माण के लिए प्रथम चरण में दो करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। मार्च से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने सीईओ एवं कार्यधिकारी को आगामी यात्राकाल को सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि शीतकालीन यात्रा को प्रभावी बनाने के प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर कार्यधिकारी एनपी जमलोकी, सहायक अभियंता गिरीश देवली, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजकुमार नौटियाल, डॉ. हरीश गौड, रमेश तिवारी, युद्धवीर पुष्पवाण, आचार्य ओंकार शुक्ला, डीपी तिवारी आदि मौजूद थे। वहीं, बीकेटीसी अध्यक्ष ने भाजपा कार्यकर्ताओं से भेंट की। नगर पंचायत के अध्यक्ष विजय सिंह राणा ने ओंकारेश्वर मंदिर के विकास को लेकर उन्हें ज्ञापन भी सौंपा। बैठक में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, चंद्रमोहन उखियाल, महेश, गजपाल सिंह, घनानंद मैठाणी, हर्ष जमलोकी आदि मौजूद थे।