अगस्त्यमुनि। नाकोट-तालीबगर-कोट नगर-जहंगी मोटर मार्ग का निर्माण शुरू नहीं होने से नाराज ग्रामीण डीएम के आश्वासन के बाद मतदान के लिए राजी हो गए है। मोटर मार्ग संघर्ष समिति के अध्यक्ष व राज्य आंदोलनकारी अवतार सिंह राणा ने बताया कि विभाग द्वारा मार्ग निर्माण के लिए तीन बार सर्वेक्षण किया जा चुका है। ग्रामीणों से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेकर विभाग द्वारा खूंटी भी चिहिृृत की गई हैं, लेकिन वन विभाग व लोनिवि आपसी तालमेल के अभाव में मार्ग निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने सरकारी सिस्टम के विरुद्ध रोष जताते हुए शीघ्र मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर चुनाव में शामिल नहीं होने की बात कही, जिसके बाद डीएम मंगेश घिल्डियाल ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता व वन विभाग के डीएफओ से फोन पर बातचीत कर मार्ग के बारे में जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या का यथाशीघ्र समाधान किया जाएगा। जिलाधिकारी ने लोस चुनाव मतदान में ग्रामीणों ने शत-प्रतिशत प्रतिभाग कर मतदान की अपील की। जिस पर ग्रामीणों ने अपनी सहमति जताई। प्रतिनिधिमंडल में रोशनी मलासी, कुंवर सिंह भंडारी, केएल आर्य, बख्तावर सिंह, राजू लाल, मनोज कुमार, रमेश लाल, जगदीश लाल आदि मौजूद थे।