तिलवाड़ा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे चौड़ीकरण से प्रभावित तिलवाड़ के व्यापारियों को एक्ट 2013 के आधार पर मुआवजा दिए जाने की मांग की है। इस बाबत उन्होंने गढ़वाल सांसद को एक ज्ञापन सौंपा। सांसद तीरथ सिंह रावत को दिए ज्ञापन में एबीवीपी के जिला संयोजक स्नेहाशीष सिंह, जिला सह संयोजक प्रमोद बुटोला व सतेंद्र सकलानी का कहना है, कि एनएच द्वारा रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर तिलवाड़ा से सिल्ली तक 24 मीटर भूमि अधिगृहण किया गया है। ऑल वेदर रोड़ के तहत किए जा रहे चौड़ीकरण से सैकड़ों की संख्या में व्यापारी प्रभावित होंगे। कहा कि किराए पर रह रहे व्यापारियों को अभी तक मुआवजा नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के पास दुकान के अलावा और कोई रोजगार का साधन नहीं है। व्यापारियों द्वारा अपना व्यवसाय चलाने के लिए बैंकों से लाखों रुपये का ऋण लिया गया है, लेकिन उनका व्यवसाय भी उनसे छिन जाने से उनके सम्मुख कई परेशानियां खड़ी हो जाएंगी। उन्होंने प्रभावित किराएदार व्यापारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर उन्हें उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की।