अगस्त्यमुनि। ग्राम पंचायत गिवाला के ग्रामीणों ने पेयजल संकट से निपटने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का संकल्प लिया। इस मौके पर गांव के प्राकृतिक स्रोतों की साफ-सफाई भी की गई। जल संवर्द्धन विषय पर गांव में आयोजित खुली बैठक की अध्यक्षता करते हुए खंड विकास अधिकारी चक्रधर सेमवाल ने कहा कि पानी को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जल संचय व जल संवर्द्धन - संचयन के लिए ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को पत्र भेजकर इस दिशा में कार्य करने को कहा गया है। इस मौके पर जल संचय, संवर्द्धन के लिए हौज, चैकडैम का निर्माण विभिन्न मदों से कराने पर जोर दिया गया। ग्रामीणों ने जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने व सामुदायिक भवन निर्माण की मांग की गई। बैठक में महिला समूह गठित कर गांव में गुलाब की खेती का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इस मौके पर ग्राम प्रधान सुषमा बर्त्वाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए पत्र को भी पढ़ा। बैठक में ग्राम पंचायत अधिकारी अनिल पंत, कुंवर सिंह भंडारी, लखपत बर्त्वाल, पूर्व प्रधान भगवंत सिंह, दीपा देवी आदि थे।