रुद्रप्रयाग। बरसात से जनपद में 11 संपर्क मोटर मार्ग बंद हैं, जिसमें तीन मार्ग दो सप्ताह से अवरुद्ध हैं। सड़कों के बंद होने से ग्रामीण मीलों पैदल नापने को मजबूर हैं। जनपद में छेनागाढ़-बक्सीर, ताला-बरंगाली, विजयनगर-पठाली, लंबगौंडी-देवलीभणिग्राम, बाड़व मल्ला-कांडी, ऊखीमठ-मनसूना, जुगासु-राउलैंक, विनोवाधार-कूडी-उछोला, छेनागाड-उच्छोला मोटरमार्ग पर भूस्खलन व भू धंसाव होने से बंद चल रहे है। जबकि जाबरी-जयकंडी सहित बलसुंडी-अखोडी और जैली-मरगांव मोटर मार्ग 15 दिन से अधिक समय से बंद पड़े हुए हैं। इन मार्गों के बंद होने से तिलवाड़ा क्षेत्र के दर्जनभर से अधिक गांवों में सब्जी, राशन व जरूरी सामग्री की सप्लाई ठप हो गई है। ग्रामीण आलू, चीनी, तेल के लिए भी मीलों पैदल नाप रहे हैं। इधर, लोनिवि के ईई इंद्रजीत बोस ने बताया कि संपर्क मार्ग से कम से कम अवरुद्ध रहे, इसके लिए मशीनें तैनात की गई हैं। जबकि कुछ मार्ग बरसाती गदेरों के उफान के कारण बंद हैं।