संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान अहमदाबाद व रेल विकास निगम लिमिटेड के माध्यम से ग्राम तिलनी में महिलाओं के लिए 14 दिवसीय सूक्ष्म कौशल उद्यमिता विकास कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ग्राम प्रधान प्रतिभा बिष्ट ने किया। प्रशिक्षण में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से प्रभावित महिलाओं को मिलेट्स आधारित बेकरी उत्पाद तैयार करने की तकनीकी जानकारी दी। परियोजना अधिकारी दिलीप सिंह कुशवाह ने प्रशिक्षण के उद्देश्य, उद्यमिता की अवधारणा व व्यवसायिक संभावनाओं पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को बिजनेस आइडिया, नवाचार और उद्यम स्थापना की प्रक्रिया से भी अवगत कराया। कार्यक्रम के तहत छह दिन उद्यमिता विकास व आठ दिन मिलेट्स आधारित उत्पादों जैसे कुकीज, नमकीन, केक और लड्डू बनाने का तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही बिक्री संवर्धन, लागत निर्धारण, मूल्य निर्धारण, सोशल मीडिया मार्केटिंग और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। ग्राम प्रधान ने कहा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह पहल सराहनीय है और इससे ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।