रुद्रप्रयाग। समग्र शिक्षा के तहत ऊखीमठ ब्लाक के दूरस्थ राजकीय इंटर कालेज दैड़ा की कक्षा 11वीं की छात्रा सोनिका आगामी अप्रैल-मई में जापान जाएंगी। वे, वहां विज्ञान के क्षेत्र में जापान और एशिया के युवा छात्र-छात्राओं के आपसी अंतरण के लिए जापान एशिया यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम इन साइंस कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी। जिला परियोजना अधिकारी व डीईओ माध्यमिक एलएस दानू ने बताया कि छात्रा के नाम का प्रस्ताव तैयार कर निदेशालय को भेज दिया गया है। छात्रा के अलावा प्रदेश के अन्य विद्यालयों से 5 और छात्र-छात्राएं भी जापान जाएंगे। दानू ने बताया कि वर्ष 2017-18 की बोर्ड परीक्षा में छात्रा ने हाईस्कूल में प्रदेश स्तर पर मेरिट में 20वां स्थान प्राप्त किया था। प्रधानाचार्य व शिक्षकों का कहना है कि छात्रा ने विद्यालय, क्षेत्र सहित जनपद का नाम रोशन किया है।