रुद्रप्रयाग। केदारनाथ में तीसरे दिन शुक्रवार को भी रुक-रुककर बर्फबारी होती रही। धाम में तीन फीट से अधिक नई बर्फ जम चुकी है, जबकि साढ़े सात फीट बर्फ पहले से मौजूद हैं। अधिकतम तापमान तीन डिग्री और न्यूनतम माइनस 11 डिग्री दर्ज किया गया। बता दें कि विगत 21 जनवरी को हुई भारी बर्फबारी से पैदल मार्ग पर विद्युत पोल व तारों के क्षतिग्रस्त होने से बिजली सप्लाई ठप है। कै. सोबन सिंह बिष्ट ने बताया कि मंदिर परिसर सहित केदारपुरी में तीन फीट तक नई बर्फ जम चुकी है, जबकि साढ़े सात फीट से अधिक बर्फ पहले से मौजूद थी। इधर, त्रियुगीनारायण, तोषी, रांसी, गौंडार, चौमासी, चिलौंड, कालशिला, पेंज, करोखी, सारी, दिलमी, उषाड़ा, हुड्डू सहित मध्य क्षेत्र के गांवों में भी दो से ढाई फीट तक बर्फ गिरी है। स्थानीय शिव प्रसाद सेमवाल, आशीष गैरोला, रूप सिंह नेगी, शशि देवी आदि का कहना है कि जनवरी माह के तीसरे सप्ताह से शुरू हुई बर्फबारी थमने का नाम नहीं ले रही है। अभी तक इन क्षेत्रों में 19 दिनों में पांच बार बर्फबारी हो चुकी है। इधर रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि सहित निचले इलाकों में दिनभर धूप-छांव के खेल के बीच कई बार बारिश भी हुई। ब्यूरो