पिथौरागढ़/रुद्रपुर। कृषि विज्ञान केंद्र गैना में कार्यरत वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। मॉडल कालोनी रुद्रपुर निवासी डॉ. आरके सिंह को सोमवार सुबह करीब पांच बजे हार्ट अटैक पड़ा। जानकारी मिलने पर परिचित उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पर उनकी स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी गई। एंबुलेंस से हायर सेंटर ले जाते समय मटेला के पास उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उनका चयन कृषि विश्वविद्यालय में एसोसिएट प्रोफेसर के लिए हुआ था। इसी माह वे पंतनगर जाने वाले थे। उनके निधन पर तमाम लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। स्व. सिंह की पत्नी और बेटा रुद्रपुर में ही रहते हैं। रुद्रपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।