रुद्रप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जिला मुख्यालय से पांच किमी दूर झिरमोली में नगर पालिका के कूड़ा निस्तारण जोन में शरारती तत्वों ने आग लगा दी, जिसे बुझाने के लिए फायर बिग्रेड और जलसंस्थान के टैंकरों की मदद लेनी पड़ी। सुबह आठ बजे के करीब डंपिंग जोन से धुआं उठता देख, कुछ लोगों ने पालिका व प्रशासन को सूचना दी। ईओ संजय सिंह रावत के नेतृत्व में दल मौके पर पहुंचा तो पाया कि कूड़ा धू-धू कर जल रहा है। इसी बीच पुलिस विभाग व फायर सर्विस भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि उन्हें काबू करने में सभी संसाधनों को झोकने के बाद भी तीन घंटे लग गए। स्थिति यह रही कि कूड़ा निस्तारण केंद्र बस्ती क्षेत्र से दूर है। अगर, कहीं निकट यह आगजनी की घटना होती तो जानमाल का नुकसान हो सकता था। नगर पालिका अध्यक्ष गीता झिंक्वाण भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया बताया कि कूड़ा निस्तारण क्षेत्र की समुचित घेराबंदी कर उचित सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही यहां जो कार्य अधूरे हैं, उन्हें प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।