रुद्रप्रयाग/अगस्त्यमुनि। बिजली की अनियमित कटौती से लोग परेशान है। वहीं बिजली के अभाव में बोर्ड परीक्षार्थी नियमित पठन-पाठन नहीं कर पा रहे हैं। केदारघाटी के गौरीकुंडी, सोनप्रयाग, फाटा, गुप्तकाशी, अगस्त्यमुनि सहित जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग में बीते एक सप्ताह से दिनभर में कई बार बिजली कटौती हो रही है। इस समस्या से कारोबारियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। साथ ही अटल आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड, आधार कार्ड बनाने गांवों से बाजार में पहुंच रहे ग्रामीण भी बैरंग लौट रहे हैं। जगदंबा प्रसाद जमलोकी, दीपक बेंजवाल, प्रदीप सेमवाल, राकेश मोहन, केएस राणा आदि ने बताया कि बिजली कटौती के कारण बोर्ड परीक्षार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इधर, ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता मनोज सती ने बताया कि मुख्य केंद्रों से बिजली सप्लाई बाधित हो रही है। साथ ही कुछ स्थानों पर फॉल्ट के चलते समस्या हो रही है, जिससे ठीक किया जा रहा है।