रुद्रप्रयाग। पर्यटन विभाग की होम स्टे और वीर चंद्र सिंह गढ़वाली वाहन योजना के लिए 28 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है। बैठक में होम स्टे योजना में प्राप्त 30 आवेदनों के सापेक्ष 22 और वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना में मिले 7 आवेदनों के सापेक्ष 6 को स्वीकृति दी गईं। डीएम ने बताया कि होम स्टे योजना में अभी तक जिले में कुल 52 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं। इस मौके पर सीडीओ एनएस रावत, जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम, साहसिक अधिकारी सुशील नौटियाल, नाबार्ड के डीडीएम अभिनव कापड़ी और जिला महाप्रबंधक उद्योग पीएस सजवाण समेत कई अधिकारी मौजूद थे।