रुद्रप्रयाग। जन अधिकार मंच के संयोजक मंडल ने जिले में स्वास्थ्य, पेयजल, शिक्षा व परिवहन समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग की है।
मंच के रमेश पहाड़ी, एडवोकेट केपी ढौडियाल, मोहित डिमरी ने बताया कि अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दिग्धार (बड़मा) में एक चिकित्सक द्वारा मार्च 2018 में कार्यभार ग्रहण किया गया था, लेकिन उसके बाद उन्हें अन्यत्र संबद्ध कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्र में रोगियों का समुचित उपचार नहीं हो पा रहा है, जिसके चलते ग्रामीण दूरस्थ चिकित्सालयों की ओर रुख कर रहे है। वहीं जिले में अनेक क्षेत्रों में पेयजल का संकट बना हुआ है। मयाली बाजार में पेयजल के अभाव के कारण यात्रियों एवं स्थानीय व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में शिकायतें दर्ज कराएं जाने के बाद भी पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं की गई है। इसके अलावा नगर क्षेत्र के बेला, खुरड़, सौड़, विकास भवन, जिला कार्यालय, तहसील समेत अन्य विभागों के लिए यातायात की कोई व्यवस्था नहीं है। जबकि पूर्व में नगर पालिका द्वारा बस खरीदी गई थी। उन्होंने नगर क्षेत्र में फिर से यातायात व्यवस्था शुरू करने की मांग की है।