रुद्रप्रयाग। पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेता देवेंद्र झिंक्वाण ने अज्ञात लोगों पर प्रशासन के साथ मिलकर उनका उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन भेजकर जांच की मांग की है। कांग्रेस नेता झिक्वांण ने ज्ञापन में कहा है कि कुछ अज्ञात लोगों की ओर से आगामी निकाय चुनाव को देखते हुए उनके खिलाफ अनावश्यक जांच कराते हुए उनकी काल डिटेल खंगाली जा रही है। साथ ही अकारण उत्पीड़न कर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोधियों के द्वारा उन्हें चुनाव में रोकने के लिए शासन-प्रशासन की मदद ली जा रही है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक से सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों व जिला प्रशासन से इस प्रकार की कार्रवाही रोकने की मांग की है। इधर, जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व पालिकाध्यक्ष का पत्र प्राप्त हुआ है। पूरे मामले की प्रारंभिक जानकारी में प्रतीत हुआ है कि उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की कोई जांच नहीं है। उन्होंने जो भी बातें कहीं हैं, उनका निराकरण किया जा रहा है।