रुद्रपुर जिला अस्पताल के पीपीसी सेंटर पर लगी महिलाओं की भीड़
- फोटो : AMAR UJALA
रुद्रपुर। जिला अस्पताल के पीपीसी सेंटर में सोमवार को नवजात बच्चों व गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के लिए जिलेभर से 110 महिलाओं के पहुंचने से अफरातफरी मच गई। लाइन में लगी महिलाओं के सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन करने से अव्यवस्थाएं फैल गईं। सेंटर में सुरक्षा गार्ड तैनात न होने पर रेडक्रॉस सोसाइटी के एक सदस्य ने जिम्मेदारी संभाली। अव्यवस्थाओं को देखते हुए सेंटर प्रभारी ने प्रमुख अधीक्षक को पत्र लिखकर वहां पर सुरक्षा गार्ड की नियमित तैनाती की मांग की। वर्तमान में लॉकडाउन के चलते जिले के अधिकांश एएनएम सेंटर में कर्मचारी नहीं पहुंच रहे हैं। जिस कारण रुद्रपुर जिला अस्पताल के पीसीसी सेंटर पर दबाव बढ़ गया है। जहां प्रतिदिन विभिन्न ब्लॉकों से गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों को बीसीजी, पैंटा वैलेंट आदि टीके लगाने के लिए सैकड़ों महिलाएं पहुंच रही हैं। स्टाफ कम होने के कारण पीसीसी सेंटर कार्य धीमी गति से चल रहा है। सोमवार को भीड़भाड़ अधिक होने से सेंटर पर अफरातफरी मची रही। लाइन में खड़ी महिलाओं ने सामाजिक दूरी का उल्लंघन भी किया। जिस पर सेंटर प्रभारी दीपा जोशी ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. टीडी रखोलिया को पत्र देकर सेंटर पर एक सुरक्षा कर्मी की नियमित तैनाती की मांग की। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के नियमों के अनुसार एक सेंटर पर एक दिन में 25 से 50 के बीच टीके लगने चाहिए, लेकिन वहां प्रतिदिन सैकड़ों महिलाएं पहुंच रही हैं। प्रमुख अधीक्षक ने सेंटर पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का आश्वासन दिया।