फोटो
रुद्रप्रयाग। विश्व दृष्टि दिवस पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर नेत्र जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में 110 ग्रामीणों की आंखों की जांच की गई जिनमें 18 लोग मोतियाबिंद से ग्रसित मिले। वहीं 36 लोगों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के पंचभैयाखाल में 26 लोगों की जांच में दो बच्चों में दृष्टिदोष पाया गया। ऊखीमठ ब्लॉक के मनसूना में 33 लोगों की जांच की गई और पांच को चश्मे दिए गए। जखोली ब्लॉक के मेदनपुर में 51 लोगों की जांच हुई और 31 को चश्मे वितरित किए गए जबकि नौ लोगों में मोतियाबिंद पाया गया। विशेषज्ञों ने बच्चों के मोबाइल, टैबलेट और कंप्यूटर के अत्यधिक इस्तेमाल पर चिंता जताई। उन्होंने स्क्रीन का सीमित इस्तेमाल करने, पौष्टिक आहार लेने, हरी पत्तेदार सब्जियां खाने, नियमित आंखों की जांच कराने और धूम्रपान से बचने की सलाह दी। शिविरों में जिला चिकित्सालय के दृष्टिमितिज्ञ राजेश पुरोहित सहित विवेकानंद नेत्रालय के हनुमंत पंवार, सौरभ बर्तवाल, सौरभ रावत और त्रिलोक जोशी मौजूद रहे। संवाद