रुद्रप्रयाग। इस वर्ष बाबा केदार की सकुशल यात्रा को लेकर केदारनाथ में ब्रह्मवाटिका में दो दिवसीय अखंड रामायण पाठ शुरू किया गया। चौकी प्रभारी बिपिन चंद्र पाठक और पुलिस परिवार के संयुक्त सहयोग से आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में शुक्रवार को मंदाकिनी व सरस्वती नदी के संगम से जल लाया गया। इसके बाद वाटिका में धार्मिक अनुष्ठान के साथ पूजा-अर्चना के उपरांत अखंड रामायण पाठ शुरू किया गया। पाठक ने बताया कि शनिवार को दोपहर बाद यज्ञ हवन और प्रसाद वितरण के साथ अनुष्ठान का समापन किया जाएगा। उन्होंने धाम में बाबा के दर्शनों को पहुंच रहे श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में ब्रह्मवाटिका आकर प्रसाद ग्रहण करने को कहा है। इधर, शुक्रवार को धाम में 1125 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इस दौरान धाम में दिनभर सूरज और बादलों की आंखमिचौली होती रही।