रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय एकता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती और उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर सोमवार को जिला मुख्यालय में सरदार150 कैंपेन के तहत भव्य यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने 100 मीटर लंबी तिरंगा रैली निकाली जो आकर्षण का केंद्र बनी। यूनिटी मार्च का शुभारंभ डीएम प्रतीक जैन ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली प्रातः 9 बजे पेट्रोल पंप केदारनाथ तिराहा से मुख्य बाजार मार्ग से होती हुई गुलाबराय मैदान पहुंची। ढोल-दमाऊं और मश्कबीन की ताल पर भारत माता की जय, एक भारत, श्रेष्ठ भारत और सरदार पटेल अमर रहे के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा। समापन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत को एक सूत्र में पिरोकर सशक्त राष्ट्र की नींव रखी। एकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है और सरदार पटेल के जीवन से हमें यही प्रेरणा मिलती है। जिलाधिकारी ने सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे।