क्षेत्र के शेरपुर खेलमऊ गांव में सोमवार को करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शेरपुर खेलमऊ निवासी 22 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई है। वह गांव में ही दर्जी का काम करता था और अपनी दुकान पर सिलाई के साथ कपड़ों पर प्रेस भी करता था। सोमवार को वह ग्राहक के कपड़ों पर प्रेस कर रहा था। इसी दौरान अचानक प्रेस में करंट उतर आया। इसकी चपेट में आने से उसे जोरदार झटका लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने अनिल को नजदीकी चिकित्सक के पास पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि अनिल मेहनतकश और मिलनसार स्वभाव का युवक था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।