शास्त्री नगर में बाइक सवार युवकों ने किया हमला, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के शास्त्री नगर में रविवार शाम पुरानी रंजिश के चलते दो बाइक सवार युवकों की ओर से एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हमलावरों ने हवाई फायरिंग भी की हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर निवासी एक युवक का कुछ लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार शाम दो युवक बाइक से उसके घर के बाहर पहुंचे और उसे देखकर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय हवाई फायरिंग जैसी आवाज सुनाई दी जिससे आसपास के लोग घबरा गए और कई लोग अपने घरों के अंदर चले गए। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाने में लगी है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि अभी तक मामले में किसी प्रकार की तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। हवाई फायरिंग की भी पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।