कलियर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को 18.5 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। कोतवाली प्रभारी दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि रविवार को पुलिस टीम अब्दाल शाह रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ा एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। पुलिस को उस पर संदेह हुआ तो टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 18.50 ग्राम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंकुश निवासी पीरपुरा कोतवाली मंगलौर बताया। आरोपी ने बताया कि वह स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर नशा करने वालों को बेचता था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर स्मैक की सप्लाई करने वाले व्यक्ति के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है और मामले की जांच जारी है।