मोहम्मदपुर झाल स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर परिसर में पारंपरिक तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ हो गया है। 26 अक्तूबर तक चलने वाले मेले में आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज से भी श्रद्धालु पहुंचकर माता के दर्शन कर रहे हैं और प्रसाद चढ़ाकर मन्नतें मांग रहे हैं। मेले में मिट्टी के दीये, बर्तन, सजावटी सामान और बच्चों के खिलौनों की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। खानपान की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ जुट रही है। मेले में महिलाओं और बच्चों की विशेष चहल-पहल देखने को मिल रही है। मंदिर परिसर के समीप विशाल दंगल का आयोजन भी किया गया है। इसमें दूर-दराज से आए पहलवान कुश्ती के दांव-पेंच दिखा रहे हैं। रोमांचक मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं। मान्यता है कि शीतला माता के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मन्नत पूरी होती हैं। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु मंदिर परिसर में भंडारा कराते हैं जिसमें बड़ी संख्या में लोग प्रसाद ग्रहण करते है। संवाद