हाईवे स्थित एक कार शोरूम में नौकरी करने वाले युवक की गाड़ी के सामने वाहन लगाकर कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बंदूक दिखाकर उसे डराया और जान से मारने की धमकी दी। दो नामजद व अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक कार शोरूम में नौकरी करने वाले मोहन सिंह पंवार मूल निवासी ग्राम कांडा जाख टिहरी गढ़वाल ने पुलिस को बताया कि वह एक कार शोरूम में नौकरी करता है। सोमवार शाम को वह ड्यूटी समाप्त कर अपनी गाड़ी से लौट रहे थे। एक नर्सरी के पास पहुंचे तभी पीछे से आए एक बोलेरो कार चालक ने उनकी कार के सामने अपनी कार को फंसा दिया। पीड़ित का आरोप है कि उसमें बैठे पांच से अधिक लोग नीचे उतरे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का कहना है कि अफरातफरी में उसके पास रखे 20 हजार रुपये नहीं मिल पा रहे हैं। हाईवे से होकर गुजर रहे कुछ लोगों ने जब यह घटना देखी तो वह मौके पर रुक गए। इसके बाद आरोपी बाद में देख लेने और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद नीरज और टीनू समेत छह अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।