चेन झपटमारी में जीआरपी की पकड़ से दूर भिखारी महिलाएं
रुड़की की तरह दून और हरिद्वार में भी महिला यात्री से झपटी गई है चेन
घटनाओं के खुलासे को तीन टीमें गठित, फिर भी नहीं मिला कोई सुराग
रुड़की रेलवे स्टेशन पर महिला यात्री से चेन झपटने वाली भिखारी महिलाएं चार दिन बाद भी जीआरपी की पकड़ से अब तक दूर हैं। भिखारी महिलाओं ने रुड़की के साथ-साथ देहरादून और हरिद्वार में भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया है। घटनाओं के खुलासे के लिए जीआरपी की अलग-अलग तीन टीमें लगी हैं लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
बुधवार को रुड़की रेलवे स्टेशन पर ढंढेरा निवासी अनीता राणा से भिखारी महिलाओं ने गले से चेन झपट ली थी। मामले में जीआरपी ने केस दर्ज कर लिया था। इस बीच भिखारी महिलाओं ने देहरादून और हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर महिला यात्री से चेन झपटी है। तीनों जगहों पर एक जैसी घटना से यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रुड़की की घटना के खुलासे के लिए जीआरपी अधिकारी पुलिस टीमें गठित कर जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रहे है लेकिन अब तक जीआरपी को एक भी ऐसा इनपुट नहीं मिल पाया है। उधर, रेलवे अपर पुलिस अधीक्षक अरुणा भारती का कहना है कि घटना के खुलासे के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। कई संदिग्ध महिलाओं से भी पूछताछ की जा रही है।