एक महिला ने दंपती और एक कंपनी पर बीमा कराने के नाम पर रकम हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दंपती और बीमा कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
गंगनहर कोतवाली पुलिस को प्रेम कुंज, निकट सीबीआरआई, रुड़की निवासी किरण यादव ने तहरीर देकर बताया कि कुछ साल पहले पड़ोसी घर आया था। उसने बताया था कि वह एक्सा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड रामनगर का एजेंट है। साथ ही बीमा करने की बात कही थी। पड़ोसी ने बताया था कि एक साल में 15 हजार जमा करने होंगे और सात साल बाद तीन लाख रुपये बीमा के मिलेंगे।
इस पर 2014 में उन्होंने पहली किस्त जमा कराई थी। बताया था कि उसकी पत्नी भी बीमा करने में मदद करती है। बीमा की समय सीमा पूरी होने के बाद खाते में 29588 रुपये आए थे। रकम पूरी नहीं आने पर उन्होंने दंपती से शिकायत की थी। इस पर उन्होंने जल्द ही पूरी रकम मिलने का आश्वासन दिया था। शक होने वह इंश्योरेंस कंपनी के कार्यालय में गई और जांच की।
जांच में पता चला कि बीमे की सारी रकम निकाली जा चुकी है। कंपनी वालों से जानकारी ली तो वह भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। कोतवाली प्रभारी बीएल भारती ने बताया कि पीयूष वर्मा, उसकी पत्नी डॉली वर्मा और भारती एक्सा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड रामनगर के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।